महबूब खान
पुलिस परिवार के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
-
आईजी डॉ. हिमानी खन्ना, डीआईजी विजय खत्री ने एसपी मनोहर सिंह मंडलोई की उपस्थिति में पुलिस लाइन टीकमगढ़ में किया पुलिस केंटीन का लोकार्पण
-
टीकमगढ़। 04 फरवरी 2026
(न्यूज़ फौलादी टाइम्स)
9893776501
पुलिस लाइन परिसर टीकमगढ़ में आज नवनिर्मित पुलिस केंटीन का विधिवत लोकार्पण पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय खत्री द्वारा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। यह पुलिस केंटीन पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण, सुविधा एवं आर्थिक राहत को दृष्टिगत रखते हुए स्थापित की गई है, जिससे उन्हें दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं ’उचित दरों पर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण’ रूप में उपलब्ध हो सकें।
पुलिस केंटीन की स्थापना हेतु 10 लाख रूपये की राशि पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कल्याण हेतु उपलब्ध कराई गई विशेष निधि से प्रदान की गई है। इसमें से 4 लाख 40 हजार रूप्ये की राशि केंटीन के निर्माण, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सामग्री पर व्यय की गई है, जबकि शेष राशि का उपयोग पुलिस परिवार हेतु आवश्यक सामग्री के क्रय में किया जाएगा।
केंटीन में उपलब्ध राशन एवं दैनिक उपयोग की सामग्री केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार की मास्टर यूनिट, बीएसएफ टेकनपुर (ग्वालियर) से प्राप्त की जायेगी। सामग्री की आपूर्ति मांग के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जायेगी। पुलिस केंटीन का संचालन पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं नियमबद्ध तरीके से किया जायेगा। सभी भुगतान बैंक खाता एवं यूपीआई माध्यम से किए जाएंगे, जिससे लेन-देन पूरी तरह पारदर्शी रहेगा। केंटीन परिसर में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की गई है।
केंटीन के संचालन हेतु एक स्टाफ, एक प्रधान आरक्षक एवं तीन आरक्षक तैनात किए गए। मास्टर केंटीन से प्राप्त सामग्री का निरीक्षण राजपत्रित अधिकारी द्वारा किया जाएगा तथा सामग्री के मिलान के पश्चात ही केंटीन में आमद सुनिश्चित की जाएगी, जिससे संचालन सुरक्षित, अनुशासित एवं नियमों के अनुरूप बना रहे। पुलिस केंटीन के माध्यम से पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी एवं पात्र केंद्रीय कर्मचारी बाजार दर की तुलना में प्रत्येक सामग्री पर जीएसटी में 50 प्रतिशत तक का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल पुलिस कल्याण को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर एएसपी टीकमगढ़ विक्रम सिंह, एसडीओपी राहुल कटरे सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।