महबूब खान
आईजी, डीआईजी के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस लाइन में आयोजित हुआ सैनिक सम्मेलन
--
टीकमगढ़। 05 फरवरी 2026
(न्यूज़ फौलादी टाइम्स)
9893776501
पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना एवं डीआईजी छतरपुर रेंज विजय खत्री के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में दिनांक 4 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन टीकमगढ़ परिसर में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल से केवल औपचारिक संवाद ही नहीं किया, बल्कि एक परिवार की तरह उनके बीच बैठकर उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। आईजी, डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्याओं के त्वरित एवं व्यावहारिक निराकरण हेतु मौके पर ही निर्देश दिए गए, जिससे पुलिस कर्मियों में विश्वास, सुरक्षा और सम्मान की भावना और अधिक प्रबल हुई। सम्मेलन के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की। पुलिस कर्मियों द्वारा प्रस्तुत मधुर गायन ने यह सिद्ध कर दिया कि वर्दी के भीतर भी संवेदनाओं, कला और रचनात्मकता का एक जीवंत संसार बसता है।
कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं अविस्मरणीय क्षण तब आया, जब ’पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई स्वयं मंच पर आए और अपनी गायन प्रस्तुति से पूरे परिसर को संगीतमय कर दिया’। उनकी प्रस्तुति ने वरिष्ठ अधिकारी और अधीनस्थ के बीच की औपचारिक दूरी को तोड़ते हुए एक आत्मीय और पारिवारिक वातावरण निर्मित किया, जिससे उपस्थित पुलिस कर्मियों के चेहरे पर मुस्कान और मन में गर्व की अनुभूति स्पष्ट दिखाई दी।
इसके साथ ही एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, डीएसओ प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, उप निरीक्षक मनोज यादव, श्रीमती वीणा विश्वकर्मा, अरविंद यादव, नोने सिंह,आशीष अवस्थी, सहायक उप निरीक्षक उमाकांत तिवारी सहित विभिन्न प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों द्वारा दी गई रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित सामूहिक भोजन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा समस्त पुलिस बल के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन किया गया। यह दृश्य पुलिस विभाग में आपसी समरसता, एकता और पारिवारिक भावना का सशक्त प्रतीक बना, जहां संवाद औपचारिकता से निकलकर आत्मीयता में परिवर्तित हो गया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस बल की ओर से आईजी एवं डीआईजी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन पुलिस कर्मियों के मनोबल को सुदृढ़ करते हैं और उन्हें और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रेरित करते हैं।